Top News

मेरठ कमिश्नरी पर तलवार लेकर पहुंची महिला अधिवक्ता, पुलिस में मचा हड़कंपसबहेडिंगखुद को सोशल समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बताया, UCC के विरोध में भूख हड़ताल का ऐलान; पुलिस ने तलवार जब्त कर थाने भेजा

मेरठ कमिश्नरी चौराहे पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अधिवक्ता हाथ में तलवार लेकर पहुंच गई। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने महिला को तुरंत रोक लिया और पूछताछ शुरू की। सूचना मिलते ही लालकुर्ती थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह और सिविल लाइन थाना प्रभारी सौरभ शुक्ला भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने महिला को थाने भेजते हुए तलवार को जब्त कर लिया।
खुद को बताया अधिवक्ता और पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष
पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम रेनू सिंह राणा बताया। उसने खुद को अधिवक्ता होने के साथ-साथ सोशल समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बताया। महिला का कहना था कि वह समान नागरिक संहिता (UCC) के विरोध में 16 जुलाई से भूख हड़ताल शुरू करने वाली है और इसी संबंध में कमिश्नरी पहुंची थी।
'तलवार पुश्तैनी है'
पुलिस ने जब महिला से तलवार लेकर चलने का कारण पूछा तो उसने कहा कि यह उसकी पुश्तैनी तलवार है। महिला का दावा था कि वह तलवारबाजी की शौकीन है और तलवार को ठीक कराने के लिए अपने साथ लाई थी।
पुलिस से हुई नोकझोंक
एसओ लालकुर्ती ने महिला को सार्वजनिक स्थान पर तलवार लेकर घूमना कानून के खिलाफ बताया। इस पर महिला और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। पुलिस अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला अपनी बात पर अड़ी रही।
तलवार जब्त, बैनर लौटाया
स्थिति बिगड़ती देख महिला पुलिसकर्मियों ने महिला के पास मौजूद तलवार और विरोध प्रदर्शन का बैनर अपने कब्जे में ले लिया। विरोध बढ़ने पर पुलिस ने बैनर वापस कर दिया, जबकि तलवार को जब्त कर थाने भेज दिया गया।
महिला का दावा
रेनू सिंह राणा का कहना है कि वह पहले भी इस पुश्तैनी तलवार के साथ कचहरी परिसर में आती-जाती रही हैं, लेकिन कभी किसी ने उन्हें नहीं रोका। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कमिश्नरी क्षेत्र में ही उन्हें क्यों रोका गया।
पुलिस का पक्ष
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूमना सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से उचित नहीं है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post