Top News

प्रेम जाल में फंसी किशोरी ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, आरोपी जुनैद गिरफ्तार

नवेद खान

संवाददाता, मेरठ

भागीरथी एन्क्लेव, मेडिकल।

​थाना मेडिकल क्षेत्र के अंतर्गत भागीरथी एन्क्लेव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रेम जाल में फंसी एक किशोरी ने अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। लहूलुहान हालत में किशोरी को आनन-फानन में स्थानीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी रीढ़ की हड्डी और पैर में गंभीर फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है। किशोरी की हालत नाजुक बनी हुई है।

​इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मेडिकल थाना पुलिस ने देर रात मुख्य आरोपी जुनैद को गिरफ्तार कर लिया है।

​पंचायत से पहले आरोपी ने किया मुकरने का प्रयास

​परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मवाना निवासी जुनैद नामक युवक ने उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने प्रेम जाल में फंसाया था। लोकलाज और बदनामी के डर से पीड़ित परिवार कुछ समय पहले मवाना छोड़कर मेरठ के भागीरथी एन्क्लेव में रहने आ गया था, लेकिन आरोपी जुनैद ने यहां भी किशोरी का पीछा नहीं छोड़ा और लगातार उसके संपर्क में बना रहा।

​शनिवार को परिजनों ने आरोपी युवक को अपने घर में पकड़ लिया था, जिसके बाद रविवार को दोनों पक्षों के बीच बैठकर समझौता वार्ता (पंचायत) तय की गई थी।

परिजनों का आरोप: "रविवार को होने वाली पंचायत से ठीक पहले युवक और उसके परिवार ने आने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद फोन पर हुई बातचीत के दौरान जुनैद ने किशोरी को धमकी दी और रिश्ता खत्म करने की बात कही। इसी मानसिक तनाव और आहत होकर हमारी बेटी ने आत्मघाती कदम उठा लिया।"


​पुलिस महकमे में हड़कंप, आरोपी सलाखों के पीछे

​तीसरी मंजिल से किशोरी के कूदने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर सीओ सिविल लाइन और मेडिकल थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़िता के परिवार के बयानों के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

​पुलिस का वक्तव्य

​"पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। देर रात दबिश देकर आरोपी जुनैद को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।"

Post a Comment

Previous Post Next Post