Top News

मेरठ असलम हत्याकांड में बड़ा खुलासा: 25 हजार का इनामी आरोपी अमीर अहमद गिरफ्तार:थाना नौचंदी

फायरिंग में स्क्रैप कारोबारी की हुई थी हत्या, कई आरोपी अब भी फरार; पुलिस पर उठे सवालों के बीच कार्रवाई तेज
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र में 6 फरवरी को हुए चर्चित असलम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमीर अहमद को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। हालांकि, इस हत्याकांड में अभी भी कई अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
घटना नौचंदी थाना क्षेत्र की जैदी फार्म कॉलोनी की है, जहां 6 फरवरी को स्क्रैप कारोबारी असलम और उसके साथी शोएब पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान असलम की मौत हो गई, जबकि शोएब का उपचार जारी रहा।
शव रखकर परिजनों ने किया था जाम
असलम की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया, तो पिता ने एंबुलेंस को जैदी फार्म में सड़क पर खड़ा कर जाम लगा दिया था। काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद अंतिम संस्कार कराया गया।
पहले भी कई आरोपी जा चुके हैं जेल
पुलिस इस मामले में पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन मुख्य आरोपी अमीर अहमद लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह सहारनपुर में छिपा हुआ है, जिसके बाद टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कार्रवाई पर उठे थे सवाल
हत्याकांड के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि मुख्य आरोपी को बचाया जा रहा है और इस संबंध में उच्च अधिकारियों से भी शिकायत की थी। इन आरोपों के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कार्रवाई को और तेज किया, जिसके चलते अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

أحدث أقدم