मवाना (मेरठ)। क्षेत्र में अपराधियों और दबंगों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला प्रीतनगर का है, जहां ऋषभ एकेडमी की प्रधानाचार्या के पति पर घात लगाकर बैठे दबंगों ने लोहे की रॉड व डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूल छोड़ लौटते ही किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पत्नी श्रीमती रीना त्यागी ऋषभ एकेडमी मवाना में बतौर प्रिंसिपल कार्यरत हैं। शुक्रवार सुबह करीब 8:00 बजे पीड़ित अपनी पत्नी को ऋषभ एकेडमी छोड़कर अपने 'आराध्य प्ले स्कूल' (प्रीतनगर) पहुंचे ही थे। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी शानू चौहान (निवासी ग्राम ढिकोली) ने अपने दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को घेर लिया।
सिर पर किया लोहे की रॉड से वार
गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नियत से हमला बोल दिया। शानू चौहान ने पीड़ित के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिसे पीड़ित ने अपने हाथों से बचाने का प्रयास किया, जिससे उनके हाथों में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने डंडों से पीड़ित की बेरहमी से पिटाई की।
पहले भी कर चुका है गुंडागर्दी
घटना के वक्त स्कूल की अध्यापिका श्रीमती कमलेश दीक्षित, श्रीमती नीलम और आसपास के लोग शोर सुनकर मौके पर दौड़े। भीड़ को इकट्ठा होता देख आरोपी "अबकी बार जिंदा नहीं छोड़ेंगे" की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी शानू चौहान पहले भी 5 सितंबर को ऋषभ एकेडमी के अध्यापक धीरज पर बाहर से गुंडे बुलाकर हमला कर चुका है, जिसमें सामाजिक समझौते के कारण कार्रवाई नहीं हुई थी।
पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
घायल अवस्था में थाने पहुंचे पीड़ित ने प्रभारी निरीक्षक मवाना को लिखित तहरीर देकर आरोपी शानू चौहान और उसके दो साथियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Post a Comment