Top News

Asha Bhosle Passes Away: प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन

Asha Bhosle Passes Away: प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन
दिग्गज भारतीय पार्श्व गायिका आशा भोसले का रविवार को निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। भोसले को शनिवार को सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके बेटे आनंद भोसले ने बताया कि उन्हें मल्टी-ऑर्गन फेल्योर हो गया था।
आनंद भोसले ने अपनी मां के निधन की पुष्टि करते हुए कहा, 'मेरी मां आशा भोसले का आज निधन हो गया है। कल चार बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।' उनकी पोती जनाई भोसले ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए उनके निधन की जानकारी दी।
भोसले के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और कई अन्य राजनेताओं, फिल्मी हस्तियों और संगीतकारों ने दुख व्यक्त किया है।
भोसले को उनके सात दशक से अधिक लंबे करियर में कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। उन्हें 2008 में पद्म विभूषण, 2000 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार और दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले थे। उन्होंने 1981 और 1986 में सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था। इसके अलावा, उन्हें सात फिल्मफेयर पुरस्कार और 1996 में फिल्म रंगीला के लिए फिल्मफेयर विशेष पुरस्कार मिला था।
2001 में उन्हें फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा गया। 2002 में फिल्म लगान के लिए उन्हें आईफा पुरस्कार मिला। इसके अलावा, उन्हें 1987 में नाइटिंगेल ऑफ एशिया पुरस्कार, 2000 में (दुबई) सिंगर ऑफ द मिलेनियम और 2002 में बीबीसी लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिला था।
भोसले ने अपनी जादुई आवाज से प्रशंसकों के दिलों पर राज किया। उनके सदाबहार गानों में 'इन आंखों की मस्ती के', 'दिल चीज क्या है', 'चुरा लिया है तुमने जो दिल को', 'अब के बरस भेज भैया को बाबुल', 'ये मेरा दिल', 'पिया तू अब तो आजा' जैसे कई गाने शामिल हैं।
भोसले का जन्म 8 सितंबर 1933 को हुआ था। वह मंगेशकर परिवार से आती हैं। वह दीनानाथ मंगेशकर की बेटी हैं, जो एक प्रसिद्ध मराठी थिएटर अभिनेता और संगीतकार थे। उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर भी देश की एक दिग्गज गायिका थीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post